राजस्थान : सामने आए बेकाबू कोरोना के 17,987 नए मामले, 160 ने गंवाई अपनी जान, आने लगे ऑक्सीजन कंसंट्रेटर
By: Ankur Sun, 09 May 2021 12:06:14
राजस्थान में कोरोना की स्थिति लगातार बिगड़ रही हैं जहां संक्रमितो का आंकड़ा बढ़ने के साथ ही मौतों का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा हैं। बीते 24 घंटे में 17,987 नये केस मिले हैं, जबकि 160 लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ 17,667 लोग रिकवर भी हुए हैं। राजधानी जयपुर की बात करें तो शनिवार को भी जयपुर में 4,202 नये संक्रमित मिले हैं, जबकि रिकॉर्ड 53 लोगों की मौत हुई है। यानी जयपुर में हर 30 मिनट में एक व्यक्ति इस बीमारी से मरा है। लोगों को अस्पताल में बेड्स लेने, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।
शनिवार को भी राज्य में इधर रिकवरी बढ़ने से 14 जिलों में एक्टिव केसों की संख्या में कमी आई है। इधर राहत की एक खबर ये है कि ऑक्सीजन की किल्लत से जूझ रहे प्रदेश में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के आने से कुछ राहत मिलेगी। रूस से प्रदेश में 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्रदेश में आए हैं और 1150 कंसंस्ट्रेटर 16 मई तक जयपुर आने की संभावना है। राज्य और देश के अन्य शहरों में बढ़ते कोरोना केसों और बिगड़ी स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देशव्यापी सम्पूर्ण लॉकडाउन की सिफारिश केन्द्र सरकार से की है।
राजस्थान में कोरोना की स्थिति देखें तो अब तक 7 लाख 38 हजार 786 केस मिल चुके हैं, जबकि 5506 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। इधर पिछले कुछ दिनों से रिकवर मरीजों की संख्या बढ़ने से रिकवरी रेट में भी सुधार आने लगा है। राज्य में मौजूदा समय में रिकवरी रेट 72.30% पर पहुंच गई है। वहीं राज्य में पॉजिटिविटी रेट 22 फीसदी से ज्यादा रही। कुल 77,786 सैंपल जांच किए गए।
भारत में कोरोना : लगातार चौथे दिन 4 लाख से ज्यादा नए केस, 4,091 की हुई मौत
देश में कोरोना की दूसरी लहर खतरनाक होती जा रही है। देश में कोरोना से बिगड़ते हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले चार दिन से लगातार 4 लाख से ज्यादा कोरोना मरीज मिल रहे है। बीते दिन की बात करे तो देश में 4 लाख 3 हजार 626 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। यह लगातार चौथा दिन था, जब 24 घंटे में 4 लाख से ज्यादा केस आए हैं। नए संक्रमितों के साथ मौतों का बढ़ता आंकड़ा भी चिंता बढ़ा रहा है। शनिवार को देश में 4,091 लोगों की संक्रमण की वजह से मौत हुई। इससे पहले शुक्रवार को पहली बार देश में 4 हजार 233 लोगों की मौत हुई थी। हालांकि राहत की बात रही कि पिछले 24 घंटे में 3 लाख 86 हजार 207 लोगों ने कोरोना को मात दी। यह एक दिन में ठीक होने वालों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। देश में अब तक 2.22 करोड़ लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं जबकि कुल ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 1.83 करोड़ है। पिछले 24 घंटे में जान गंवाने वाले मरीजों के बाद देश में अबतक 2.42 लाख लोगों की मौत कोरोना के चलते हुई है।
ये भी पढ़े :
# बिहार में 18+ लोगों का वैक्सीनेशन आज से, टीका लगवाने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जरुरी
# देश के ये 12 राज्य बने खतरा, कोरोना संक्रमण दर में हुई बढ़ोतरी
# लखनऊ पहुंची कोविशील्ड की 3.5 लाख डोज, अब सोमवार से 18 जिलों में लगेगी युवाओं को वैक्सीन